BlogCrimeOthers

पत्रकार को जान से मारने की धमकी का आरोप, भाजपा नेता के खिलाफ एसपी से शिकायत

बक्सर. प्रभात खबर के बक्सर ब्यूरो चीफ मृत्युंजय सिंह ने भाजपा नेता प्रदीप राय पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर उन्होंने मंगलवार, 8 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर शिकायत की है. उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.

पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में मृत्युंजय सिंह ने बताया है कि मंगलवार की सुबह करीब 9:09 बजे भाजपा नेता प्रदीप राय ने अपने मोबाइल फोन से उन्हें कॉल किया. बातचीत की शुरुआत प्रभात खबर में प्रकाशित आरटीआई कार्यकर्ता शिवप्रकाश राय के घर पर बदमाशों के पहुंचने से संबंधित खबर को लेकर हुई. आरोप है कि बातचीत के दौरान प्रदीप राय ने कुछ महीने पूर्व प्रकाशित एक अन्य खबर को लेकर आपत्ति जतायी और कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में कहा कि, “यह आपसे हमारी अंतिम बार बात हो रही है, इसके बाद अब बात नहीं करेंगे.”

ब्यूरो चीफ के अनुसार, फोन पर बातचीत के करीब दो घंटे बाद भाजपा नेता के पीए अमित मिश्रा बनारसी-अंबेडकर चौक स्थित एक होटल पहुंचे और उनके बारे में पूछताछ की. होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनके पहुंचने की तस्वीरें कैद होने की बात कही गयी है. घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक और नगर थानाध्यक्ष को भी दी गयी है.

मृत्युंजय सिंह ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

विभिन्न लोगों ने की घटना की निंदा

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह, सामाजिक नेता रामजी सिंह, सुधीर सिंह समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की है. लोगों ने पत्रकार को कथित धमकी देने के मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!