अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य से मिलकर छात्रावास की समस्याओं से कराया अवगत

बक्सर. जिले के अतिथि गृह में अनुसूचित जनजाति आयोग, बिहार सरकार के सदस्य राजू खरवार से मुलाकात कर डॉ. भीमराव आंबेडकर कल्याण छात्रावास, बक्सर के छात्रों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया. इस दौरान छात्रावास से जुड़ी समस्याओं के साथ जिला कल्याण पदाधिकारी पर लगाए गये कथित अनियमितताओं और घोटाले के आरोपों की भी जानकारी आयोग के सदस्य को दी गयी.
मुलाकात के दौरान छात्रों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. प्रतिनिधिमंडल की ओर से संबंधित मामलों की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी.
आयोग के सदस्य राजू खरवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि छात्रावास से जुड़ी समस्याओं और लगाए गये आरोपों की उचित जांच करायी जायेगी. जांच में अनियमितता या किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया.
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जतायी कि आयोग के हस्तक्षेप से छात्रावास के छात्रों की समस्याओं का समाधान होगा और संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जायेगी.



