
बक्सर. अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को डुमरांव प्रखंड के कोपवा गांव में आयोजित होने वाला महिला-पुरुष विराट दंगल भारी बारिश और खराब मौसम के कारण स्थगित कर दिया गया। दर्शकों और दंगल प्रेमियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने यह निर्णय लिया है।
आयोजन समिति के सचिव अरुण सिंह पहलवान एवं संचालक प्रिन्स सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण अखाड़े में दंगल का आयोजन संभव नहीं है। मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों, दर्शकों और दंगल प्रेमियों से शुक्रवार को दंगल स्थल पर नहीं पहुंचने की अपील की है।
समिति ने बताया कि दंगल की अगली तिथि मौसम की स्थिति अनुकूल होने के बाद तय की जाएगी। नई तिथि की जानकारी समिति की ओर से क्षेत्रवासियों और दंगल प्रेमियों को दी जाएगी।

पुण्य स्मृति में होना था आयोजन : मां काली कोपवा वाली की कृपा एवं प्रसिद्ध समाजसेवी स्व. शिवकुमार सिंह, सुप्रसिद्ध पहलवान स्व. रामदरश सिंह तथा स्व. सच्चिदानंद सिंह पहलवान की पुण्य स्मृति में रामदरश सिंह पहलवान व्यायामशाला, कोपवा में हर वर्ष की तरह इस बार भी विराट दंगल का आयोजन प्रस्तावित था। इसमें देशभर के महिला और पुरुष पहलवानों को शामिल होकर अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन करना था। बारिश के कारण आयोजन स्थगित होने से दंगल प्रेमियों को निराशा हुई है।



