
बक्सर. नगर थाना क्षेत्र के वार्ड 24 खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खाने की शिकायत पर पुलिस प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की. पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार और नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई में करीब दो दर्जन गोवंश बरामद किए गए. मौके से पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है. वहीं, अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि खलासी मोहल्ले में अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किए जाने और गोवंश की कटाई की शिकायत पुलिस को मिल रही थी. नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह से सूचना मिलने के बाद टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गयी.
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में गोवंश बरामद किए गए. अधिकारियों के अनुसार, मौके पर गोवंश को जिस तरीके से रखा गया था, उससे प्रथमदृष्टया अवैध गतिविधि की आशंका सामने आयी है. कार्रवाई के दौरान काटने में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का बोटा समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया.

पशु क्रूरता निरीक्षक ने बताया कि गोवंश की अवैध कटाई कानून के विरुद्ध है. मामले में बरामद सामान और मौके की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
यह पता लगाया जा रहा है कि संचालन कौन लोग कर रहे थे और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



