BlogOthers

विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

बक्सर. फाउंडेशन स्कूल, बक्सर के विद्यार्थियों ने पटना स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-विद्यालयी विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया. प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.

फाउंडेशन स्कूल की कक्षा सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों ने एसिटिलीन गैस और वैकल्पिक मिट्टी जैसे नवीन एवं प्रयोगात्मक विषयों पर विज्ञान मॉडल तैयार कर प्रतियोगिता में प्रस्तुत किए. दोनों मॉडलों को विद्यार्थियों ने अपने विज्ञान शिक्षकों के मार्गदर्शन में करीब दो महीने तक लगातार मेहनत, प्रयोग और रचनात्मक कार्य के माध्यम से तैयार किया था.

प्रतियोगिता के दौरान एनआईटी पटना के प्रोफेसरों और जूरी सदस्यों ने फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों का अवलोकन किया. इस दौरान विद्यार्थियों की नवीन सोच, रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक समझ की विशेष रूप से सराहना की गयी.

प्रतियोगिता में विद्यालय के दोनों विज्ञान मॉडलों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की. एसिटिलीन गैस मॉडल को तृतीय तथा वैकल्पिक मिट्टी मॉडल को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ. यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा विद्यालय में प्रयोगात्मक और अनुभवात्मक शिक्षा को दिए जा रहे महत्व का प्रमाण है.

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

गुरुवार को विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में प्राचार्य मनोज कुमार त्रिगुण ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें बधाई दी. विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण है सहभागिता. सफलता हो या असफलता, दोनों के द्वार सहभागिता से होकर ही गुजरते हैं.” उन्होंने विद्यार्थियों को इसी प्रकार नए विचारों के साथ प्रयोग करने, प्रश्न पूछने और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया.

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त की. विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके विज्ञान शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!