बक्सर में दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की बैठक, पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत करने का निर्णय

बक्सर. स्टेशन रोड स्थित नगर भवन के सामने वृंदावन वाटिका सभाकक्ष में रविवार को दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन मदन पाल ने किया. बैठक में संगठन को जिले के प्रखंड, विधानसभा और पंचायत स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पंचायत स्तर पर सक्रिय लोगों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा. इसके साथ ही जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रशासन के समक्ष आवाज उठाने का निर्णय लिया गया.
बैठक में इंदिरा आवास योजना में गड़बड़ी की मिल रही शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी से मिलकर मामले की जांच और सुधार की मांग करने पर सहमति बनी. वहीं, रैन बसेरा योजना के तहत जमीन से वंचित गरीब परिवारों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पहल करने की बात कही गयी.

मोर्चा के सदस्यों ने शहर की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की. पीसी कॉलेज, जासो रोड, पांडेय पट्टी रोड और मित्रलोक कॉलोनी में जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए दुर्गापूजा से पहले इसका समाधान कराने की मांग की गयी. संगठन ने इन समस्याओं को लेकर प्रशासन के समक्ष मजबूती से पक्ष रखने का निर्णय लिया.
बैठक में सुरेंद्र ठाकुर, महिला संयोजिका कृष्णावती देवी, लाल बिहारी पाल, बिना खरवार, पिंटू साहनी, सत्येंद्र प्रजापति, राहुल कुमार, राष्ट्रपति राजभर, रजक कुशवाहा, अजीत राम, नथुनी राम, मनजी राजभर, बब्बन राजभर, अरविंद शाह, जगदीश ठाकुर, मुन्ना ओझा, बस नारायण राजभर, मुकेश राजभर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.



