BlogOthers

नगर भवन में अनुमंडल स्तरीय युवा महोत्सव संपन्न, विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

लोकनृत्य, समूह गायन, वक्तृता, चित्रकारी और कविता लेखन में करीब 100 बच्चों ने लिया भाग. चयनित प्रतिभागी 24 अक्टूबर को जिला स्तरीय महोत्सव में लेंगे हिस्सा

बक्सर। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में मंगलवार को बक्सर नगर भवन में अनुमंडल स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया. महोत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह गायन, वक्तृता, चित्रकारी और कविता लेखन जैसी विभिन्न विधाओं में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान बच्चों ने अपनी कला, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी एवं सहायक गोदाम प्रबंधक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि किसी भी समाज या देश की प्रगति उसकी कला से होकर गुजरती है. वहीं, कार्यपालक दंडाधिकारी ने कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कला मानव का सबसे सुंदर आभूषण है. उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया.

विभिन्न विधाओं में सफल प्रतिभागियों की हुई घोषणा

महोत्सव के समापन पर सभी विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के नामों की घोषणा की गई. चयनित प्रतिभागियों को 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए योग्य घोषित किया गया.

समूह लोकनृत्य में जेएस हाई स्कूल, बक्सर के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. सौरभ एवं अन्य समूह दूसरे तथा शिवानी एवं अन्य समूह तीसरे स्थान पर रहे. समूह गायन में अमरपाली प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर ने प्रथम स्थान हासिल किया. शिवानी ग्रुप दूसरे और सौरभ चौबे एवं अन्य समूह तीसरे स्थान पर रहे.

वक्तृता प्रतियोगिता में रतन उपाध्याय ने प्रथम, प्रतिज्ञा कुमारी ने द्वितीय और रिद्धिमा सिन्हा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. चित्रकारी में प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय, चौसा के आयुष कुमार प्रथम स्थान पर रहे. राजलक्ष्मी वर्मा ने द्वितीय तथा एसएस गर्ल्स हाई स्कूल, बक्सर की प्रतिज्ञा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.

कविता लेखन प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी ने प्रथम, निधि राय ने द्वितीय और सैयद हामिद रजा ने तृतीय स्थान हासिल किया.

कई पदाधिकारी और कर्मी रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान सुनील कुमार, रवि भूषण कुमार, अभय कुमार पाठक, रंजय कुमार एवं साबित रोहतास्वी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे. मंच का संचालन उर्दू अनुमंडल अनुवादक मो. सादिक ने किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!