BlogOthers

बक्सर में दुर्गा पूजा पंडालों का अग्निशमन विभाग ने किया निरीक्षण

अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश, अग्निशमन यंत्र, बालू-पानी और सुरक्षित निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर

बक्सर. दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से जिले में बनाए जा रहे दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया. जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुश्री सुनंदा कुमारी ने अग्निशमन कर्मियों के साथ विभिन्न पूजा पंडालों का जायजा लिया. इस दौरान पंडालों की संरचना, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच की गयी. साथ ही पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग ने पंडाल निर्माण में अग्निरोधी सामग्री का उपयोग करने और सिंथेटिक कपड़ों व रस्सियों से बचने की सलाह दी. विभाग ने पंडाल की ऊंचाई कम-से-कम तीन मीटर रखने तथा उसके चारों ओर चार से पांच मीटर तक खुला स्थान छोड़ने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों और कर्मियों को पहुंचने में परेशानी न हो.

विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

अग्निशमन विभाग ने पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा. पंडाल के नीचे से बिजली के तार नहीं ले जाने, तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने तथा स्विच बोर्ड, विद्युत उपकरणों और अन्य संयोजनों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया. शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए आवश्यक उपाय करने पर भी जोर दिया गया.

इसके अलावा पंडाल में पर्याप्त संख्या में प्रवेश और निकास द्वार बनाने तथा सभी रास्तों को अवरोधमुक्त रखने को कहा गया, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. पंडाल के अंदर ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण नहीं करने और सजावट में अग्नि सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की हिदायत दी गयी.

अग्निशमन यंत्र और बालू-पानी की व्यवस्था जरूरी

विभाग ने पूजा पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में नौ लीटर क्षमता वाले अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने और उन्हें ऐसी जगह रखने का निर्देश दिया, जहां जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सके. इसके साथ ही पंडाल के पास पानी से भरे ड्रम और बालू से भरी बाल्टियां रखने की भी सलाह दी गयी. पंडाल के अंदर और आसपास धूम्रपान तथा खुले अग्नि स्रोतों के इस्तेमाल से बचने को कहा गया.

जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बक्सर ने पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है. किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन विभाग को डायल 101 या 112 अथवा 7485805930 और 7485805931 पर तत्काल सूचना देने की अपील की गयी. विभाग की ओर से जनसुरक्षा के उद्देश्य से निरीक्षण और जागरूकता अभियान लगातार चलाये जा रहे हैं.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!