BlogOthers

बक्सर जमीन विवाद में फायरिंग और मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार

बक्सर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब मारपीट, फायरिंग और धमकी तक पहुंच गया है. मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार की शाम जेल भेज दिया. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

नाथपुर गांव निवासी शशिकांत सिंह और रविकांत सिंह ने अपने ही भाई विश्राम सिंह पर जमीन पर जबरन कब्जा करने, रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. विश्राम सिंह के पुलिस विभाग में कार्यरत होने की बात भी पीड़ित पक्ष की ओर से कही गयी है. हालांकि, दूसरे पक्ष का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आ सका है.

न्यायालय में भी चल चुका है संपत्ति विवाद

पीड़ित पक्ष के अनुसार, पूरा विवाद उनके दादा स्वर्गीय केशव प्रसाद सिंह की संपत्ति से जुड़ा है. उनके दादा के छह पुत्र-पुत्रियां थे और संपत्ति के बंटवारे को लेकर पूर्व में भी विवाद हुआ था. इसको लेकर व्यवहार न्यायालय, बक्सर में मामला चला था.

शशिकांत सिंह और रविकांत सिंह का कहना है कि न्यायालय द्वारा छह भाई-बहनों के बीच बराबर हिस्से का निर्धारण किया गया था, जिसे परिवार के सदस्यों ने स्वीकार किया. इसके बाद उनकी बुआ द्वारा उचित राशि लेकर जमीन के संबंध में बख्शीशनामा किये जाने का दावा किया गया है. उनका कहना है कि जमीन का दाखिल-खारिज कराने के बाद वे लोग लगातार राजस्व रसीद भी कटाते आ रहे हैं.

आरोप है कि इसके बावजूद विश्राम सिंह द्वारा उक्त जमीन पर कब्जा करने तथा रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.

पुलिस में होने का भय दिखाने का आरोप

शशिकांत सिंह और रविकांत सिंह का आरोप है कि वे लोग गांव से बाहर रहकर ड्राइवर का काम करते हैं और कानून का सम्मान करते हैं. उनका कहना है कि इसके बावजूद पुलिस विभाग में कार्यरत होने का प्रभाव दिखाकर उन्हें गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी जाती है. पीड़ित पक्ष ने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी है.

3 अक्टूबर को मारपीट व फायरिंग का आरोप

पीड़ित पक्ष के अनुसार, तीन अक्टूबर को जियूतिया पर्व के दौरान जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई. इस दौरान फायरिंग किये जाने का भी आरोप लगाया गया है. घटना की सूचना 112 की टीम और इटाढ़ी थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों से जुड़े लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

इसके बाद शशिकांत सिंह के पक्ष से इटाढ़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी काउंटर केस दर्ज कराया गया है. इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.

भतीजे और महिला के साथ मारपीट का भी आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद इसके बाद भी नहीं रुका. रविवार को नाथपुर गांव में उनके भतीजे रितेश कुमार के साथ भी मारपीट की गयी. रितेश गांव में छोटी दुकान चलाते हैं. परिजनों के अनुसार, मारपीट में उन्हें चोटें आयी हैं. वहीं, परिवार की महिला राजमुनि देवी के सिर में भी चोट लगने का दावा किया गया है.

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दोबारा इटाढ़ी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के कारण विश्राम सिंह द्वारा मामलों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की मांग

शशिकांत सिंह ने पुलिस प्रशासन से जमीन विवाद से जुड़े पुराने मामलों सहित वर्तमान घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने परिवार के सदस्यों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है. उनका कहना है कि परिवार न्यायालय की प्रक्रिया में विश्वास रखता है और न्यायालय के आदेश का सम्मान करता है.

उन्होंने आशंका जतायी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और परिवार के साथ कोई बड़ी घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी.

थानाध्यक्ष ने कहा- एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

इटाढ़ी थाना थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि मामले में एक मुख्य आरोपी को सोमवार की शाम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!