
बक्सर. चौसा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति के तत्वावधान में स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन और अनशन किया गया. इस दौरान समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन के समक्ष यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.
समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पार्षद, अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौसा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है. इसके बावजूद स्टेशन पर आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए समिति द्वारा आंदोलन शुरू किया गया है.
इन ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग

समिति ने ट्रेन संख्या 03287/03288 बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर का दोनों दिशाओं में चौसा स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की. इसके अलावा श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर मेल, मगध एक्सप्रेस एवं जन शताब्दी एक्सप्रेस का भी दोनों दिशाओं में चौसा स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गयी.
स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग
समिति ने स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट, डिलक्स शौचालय, वातानुकूलित रिटायरिंग रूम एवं वाटर कूलर की व्यवस्था करने की मांग की. साथ ही चौसा रेलवे स्टेशन पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली शुरू करने की मांग भी रखी गयी.
डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि यात्रियों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए. उन्होंने क्षेत्र की जनता, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से यात्रियों के अधिकारों की इस लड़ाई में सहयोग करने की अपील की.
अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ अनशन
आंदोलन के दौरान दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम एवं डिविजनल ऑपरेशनल मैनेजर की ओर से प्रतिनिधि के रूप में बक्सर के ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पांडे, चौसा स्टेशन प्रबंधक वसीम खान एवं आरपीएफ दरोगा दिलीप कुमार ओझा ने समिति से बातचीत की. अधिकारियों ने समिति की मांगों को वरीय पदाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.
वरीय पदाधिकारियों की ओर से समिति को भरोसा दिलाया गया कि मांगों पर जल्द सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. इसके बाद चौसा स्टेशन प्रबंधक वसीम खान, ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पांडे एवं आरपीएफ दरोगा दिलीप कुमार ओझा ने संयुक्त रूप से अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया. इसके बाद समिति ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया.
समिति ने कहा कि आंदोलन स्थगित किया गया है, लेकिन यात्रियों की समस्याओं के समाधान और मांगों पर ठोस कार्रवाई की अपेक्षा बनी रहेगी. रेलवे प्रशासन द्वारा दिये गये आश्वासन के अनुरूप सकारात्मक पहल नहीं होने पर समिति आगे की रणनीति तय करेगी.
कार्यक्रम में विश्वजीत कुमार उपाध्याय, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, कैप्टन अशोक यादव, आनंद रावत, भरत पांडे, रामलखन पाल, सुनील कुमार सिंह, अश्वनी कुमार वर्मा, उदय सर, विजय कुमार धूसिया, जगजीवन राम, मिरहमजा खान, रामप्रवेश राजभर, दीपक कुमार, अशोक राम, इम्तियाज रजक, अमित चौधरी, सुधीर कुमार मालाकार, रामचंद्र मालाकार, शिवशंकर राम, गोविंद खरवार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.



