CrimeOthersPolitics

अंबेडकर जयंती पर बक्सर में मेधा का महासंगम, सैकड़ों छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

प्रजापति समाज ने मेधावियों को किया सम्मानित, शिक्षा को बताया सामाजिक बदलाव की कुंजी

बक्सर: भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ‘बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, जिला-बक्सर’ द्वारा एक भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले भर के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद बक्सर की चेयरमैन श्रीमती कमरुन निशा ने दीप प्रज्वलन के बाद कहा कि जब कोई समाज शिक्षा को उत्सव की तरह मनाता है, तो उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत हो जाती है। उन्होंने बाबा साहब के समतामूलक समाज के सपने को साकार करने में शिक्षा की अहम भूमिका पर जोर दिया और बेटियों की सफलता की सराहना करते हुए पुस्तकालय एवं अध्ययन केंद्रों के विस्तार की बात कही।

महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के शिक्षाविद् डॉ. श्वेत प्रकाश ने शिक्षा को सामाजिक संघर्ष की जीत बताते हुए छात्रों को यूपीएससी एवं बीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।

श्रीमती रेणु प्रजापति ने बेटियों की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए उनका आत्मनिर्भर होना जरूरी है। वहीं, जिला अध्यक्ष अमरनाथ प्रजापति ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए छात्रावास एवं निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की।

कार्यक्रम का संचालन धीरज प्रजापति एवं उपेंद्र प्रजापति ने किया। मंच से जैसे ही मेधावी छात्रों के नाम पुकारे गए, पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। सभी छात्रों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं कॉपी-कलम देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित छात्रों में प्रीति कुमारी (94.2%), श्वेता कुमारी (92.6%) और बजरंगी कुमार (91.6%) विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

इस अवसर पर धीरेंद्र कुमार आर्य, महेंद्र प्रजापति, पूनम प्रजापति, नंदलाल प्रजापति, मनोज प्रजापति, अमित प्रजापति, भरत प्रजापति, शिव शंकर प्रजापति सहित सैकड़ों अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!