
बक्सर। ग्लोबल विजडम स्कूल में इटाढ़ी रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप चार दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का सफल आयोजन किया गया। शिविर में पीजी से कक्षा दो तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ खेल, रचनात्मक गतिविधियों एवं व्यवहारिक शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
समर कैंप के पहले दिन बच्चों के लिए घुड़सवारी, कविताएं, बिना आग के खाना बनाना, चित्रकला, हस्तशिल्प एवं लैब एक्टिविटी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं दूसरे दिन पीटी, लूडो, कैरम, पौधारोपण, कहानी वाचन, शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
तीसरे दिन बच्चों ने स्विमिंग पूल पार्टी, खेलकूद, नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं शिविर के चौथे और अंतिम दिन फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, मूवी शो एवं फूड पार्टी का आयोजन किया गया, जिसने बच्चों के उत्साह को और बढ़ा दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके।
इस दौरान विद्यालय के निर्देशक प्रकाश पाण्डेय भी मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समर कैंप के सफल आयोजन का श्रेय विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय एवं विद्यालय के शिक्षकों को दिया गया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




