
बक्सर. बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला गंभीर हादसे का शिकार हो गयी. चलती ट्रेन से जल्दबाजी में उतरने के प्रयास में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गयी. हादसे में उसका दाहिना पैर कट गया. गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. चिकित्सकों की टीम उसके उपचार में जुटी है.
घायल महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुकरौलिया गांव निवासी 61 वर्षीय जखीरा खातून के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह ट्रेन से अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही उसने नीचे उतरने का प्रयास किया. संतुलन बिगड़ने के कारण वह ट्रेन की चपेट में आ गयी. हादसे में उसका दाहिना पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गयी.
पहचान पत्र से हुई महिला की पहचान

हादसे के बाद महिला के सामान की तलाशी लेने पर पहचान पत्र मिला. पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान जखीरा खातून के रूप में की गयी. इसके बाद घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गयी. जानकारी मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है.
चलती ट्रेन से उतरना पड़ सकता है भारी
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले उतरने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है. चलती ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने पर गंभीर चोट लगने के साथ जान जाने का भी खतरा रहता है. खासकर बुजुर्ग यात्रियों को ट्रेन से उतरते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
यह हादसा यात्रियों के लिए भी एक चेतावनी है कि जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में न डालें. ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से उतरें. फिलहाल जखीरा खातून का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं.



