
बक्सर. श्री चंद्र मंदिर परिसर में जय मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा पूजा के 119 वर्ष पूरे होने पर अष्टमी के अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया. महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. श्रद्धालुओं ने मां भवानी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की.
पूजा समिति के अध्यक्ष दिनेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष मंजेश केसरी और सचिव राजू कुमार शराफ के नेतृत्व में पूजा की तैयारियां की गयीं. समिति के सदस्यों ने बताया कि श्री चंद्र मंदिर परिसर में लगातार 119 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है. वर्षों पुरानी इस परंपरा को लेकर मोहल्ले के लोगों में विशेष उत्साह है.
पूजा समिति की ओर से मां भवानी के राज दरबार का भी आयोजन किया गया है. वहीं, अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच खीर का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा. आयोजन में अमन केसरी, यश वर्मा, ऋतिक वर्मा, रिंकू जायसवाल, सुमित समेत मोहल्ले के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही.

समिति के सदस्यों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को आगे भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रखा जाएगा.



