
बक्सर। दत्त क्लासेस प्रीमियर लीग का आयोजन शनिवार को उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। दिनभर चले इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में बड़कागांव की टीम ने पीरो को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के कप्तान चुन्नू मिश्रा ने ट्रॉफी उठाकर जीत का जश्न मनाया।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को कप के साथ चांदी के सिक्के, 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता पीरो की टीम को कप और 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अधिवक्ता डॉ. विष्णु दत्त द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नावानगर प्रखंड प्रमुख अंकित यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा शिक्षाविद दीपक कुमार, एनएसजी कमांडो संतोष कुमार वर्मा, मदन जी ओझा, रमन पांडेय, सुनील कुमार, प्रेम शंकर मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार रजनीकांत दुबे, व्यवसायी संजय शाह, कार्तिक चौबे एवं शिक्षक संतोष मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर दत्त क्लासेस के निदेशक अविनाश दत्त ने कहा कि खेल का युवाओं के जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजकल अधिकतर युवा मोबाइल गेम में व्यस्त रहते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के साथ-साथ उनकी संघर्ष करने की क्षमता को भी प्रभावित करता है। ऐसे में युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करना जरूरी है।
वहीं विशिष्ट अतिथि नावानगर प्रखंड प्रमुख अंकित यादव ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं को संघर्ष, अनुशासन और टीम भावना का महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाता है। युवाओं को प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी युवा हैं और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका दानिश खान एवं डब्लू ने निभाई, जबकि डब्लू कुमार की शानदार कमेंट्री ने आयोजन में उत्साह का रंग भर दिया। आयोजन को सफल बनाने में अभय, बबलू, अमित, आयुष, जयप्रकाश, अभिषेक वर्मा, रोनित, आकाश सहित कई खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।




