
बक्सर। आगामी दीपावली एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग, बक्सर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर सुबास सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल अग्निशमालय बक्सर एवं डुमरांव के अंतर्गत सभी अग्निशमन वाहनों और कर्मियों को आवश्यक संसाधनों के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विभाग की ओर से सभी अग्निशमन वाहनों में पर्याप्त पानी, अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।

इस दौरान अग्निशमन विभाग ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि दीपावली के अवसर पर पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। पटाखे जलाते समय पास में पानी और बालू की व्यवस्था जरूर रखें। ज्वलनशील पदार्थों, गैस सिलेंडर, बिजली के तारों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के समीप आतिशबाजी करने से बचें।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि पर्व के उत्साह में सुरक्षा को नजरअंदाज न करें और किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना होने पर तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।




