
बक्सर। शहर के रामलीला मंच पर रोट्रैक्ट की ओर से लगातार 20वें वर्ष भव्य रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगों और चित्रों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दिलशाद आलम, पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब ऑफ बक्सर एवं महासचिव, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय (बिहार) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में रोट्रैक्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 20 वर्षों से इस प्रतियोगिता का आयोजन करना ऐतिहासिक और सराहनीय उपलब्धि है। यह आयोजन दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्वों की सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से छठ महापर्व की महानता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से जीवंत किया है।
डॉ. आलम ने विद्यार्थियों को जीवन में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का महत्व समझाते हुए कहा कि सिकंदर जब इस दुनिया से गया तो उसके दोनों हाथ खाली थे। इंसान जीवन में कितनी भी उपलब्धियां हासिल कर ले, अंततः उसके कर्म ही महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सबसे पहले अपने माता-पिता का सम्मान करना चाहिए और उन्हें सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। माता-पिता का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने कहा कि भारत विविध पर्वों, परंपराओं और संस्कृतियों का देश है। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना चाहिए तथा आने वाली पीढ़ियों तक इन परंपराओं को पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रतियोगिता में आलिया खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी कुमारी एवं कुमकुम कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने रोट्रैक्ट के पूर्व डीआरआर एस.एम. साहिल, अध्यक्ष सागर वर्मा, सचिव कृतम वर्मा, सूरज वर्मा, ऋषि, राहुल कुमार, अभिषेक कुमार एवं प्रिंस सहित सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में आकांक्षा कुमारी एवं शेखर जसवाल उपस्थित रहे। वहीं रोटरी क्लब के वर्तमान अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी एवं रोट्रैक्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पूर्व डीआरआर एस.एम. साहिल ने कहा कि लगातार 20 वर्षों से इस ऐतिहासिक आयोजन को जारी रखना बेमिसाल उपलब्धि है। यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंस ने धन्यवाद ज्ञापन किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं रोट्रैक्ट सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।




