BlogOthers

बक्सर पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता, 80 विद्यार्थियों ने रंगों से बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा

बक्सर। दीपावली के अवसर पर बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में शनिवार को भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब 80 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने चावल के आटे, प्राकृतिक रंगों, फूलों की पंखुड़ियों और गुलाल का इस्तेमाल कर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। रंगोलियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘स्वच्छ भारत, सुंदर भारत’ जैसे सामाजिक संदेशों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर हरित दीपावली मनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता और कलात्मक अभिरुचि विकसित होती है। साथ ही उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति, कला और उल्लास का प्रतीक है, जिसके माध्यम से बच्चों की कल्पनाशीलता और प्रतिभा निखरकर सामने आती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शशांक शेखर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रंगोली प्रतियोगिता महज एक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और त्योहारों की खुशियां साझा करने का सुंदर माध्यम है।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने रंगोली के डिजाइन, सटीकता, समरूपता, रंग संयोजन और निर्धारित थीम के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। इसमें आठवीं कक्षा की कुहू पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, सातवीं कक्षा की खुशी राज द्वितीय और नौवीं कक्षा की अनुष्का दुबे तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा 10 छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य प्रीति सिंह, शिक्षक दयानंद पांडेय, तेजेंद्र कुमार, विष्णु कुमार, रमेश कुमार सिंह, शाक्य प्रिय मौर्य, माया मिश्रा, सुनीता सिंह, रुचिका कुमारी, अंतिमा कुमारी, रागिनी सिन्हा, प्रियंका कुमारी, राजलक्ष्मी कुमारी, प्रीति कुमारी, सुमा कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!