BlogOthers

बिहार सेंट्रल स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता, बच्चों ने रंगों के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश

बक्सर। दीपावली के अवसर पर शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में शनिवार को भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘हम और हमारा पर्यावरण’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न समसामयिक मुद्दों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की उप-निदेशक उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उप-निदेशक उर्मिला सिंह ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली केवल एक पारंपरिक कला नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जुड़ाव और भावनाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। ऐसी गतिविधियों से बच्चों की कल्पनाशीलता और सामाजिक समझ विकसित होती है।

वहीं, विद्यालय की सचिव सरोज सिंह ने कहा कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ अपनी कला, प्रतिभा और भावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

रंगोली के जरिए उठाए गए सामाजिक मुद्दे

प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की अर्चना, रिद्धि और मुस्कान ने खान-पान में बदलते परिवेश को रंगोली के माध्यम से दर्शाया। वहीं, कक्षा आठवीं की अनानिका, अदिति और आफरीन ने विकसित भारत की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की।

इसी क्रम में कक्षा नौवीं की राजनंदिनी, पलक, शिवांगी और प्रियांशी ने ‘अनेकता में एकता’ के महत्व को रेखांकित किया। जबकि कक्षा नौवीं बी की खुशबू, नैना और समृद्धि ने परीक्षा के गिरते स्तर तथा प्रश्नपत्रों के समय से पहले लीक होने जैसे गंभीर मुद्दों को अपनी रंगोली के माध्यम से उजागर किया।

वहीं, कक्षा दसवीं के श्वेतांक, हर्ष, अभिषेक, आदित्य प्रकाश और आयुष ने विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति घटती रुचि को दर्शाते हुए अध्ययन और अनुशासन को सफलता का मूलमंत्र बताया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को दीपावली के उपहार स्वरूप मिठाइयां प्रदान की गईं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके जीवन में ज्ञान, खुशहाली और सफलता की रोशनी सदैव बनी रहने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!