रेडियंट पब्लिक स्कूल की शाखाओं में दीपावली की धूम, रंगोली और दीप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

बक्सर। दीपावली के अवसर पर शहर के चरित्रवन स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी सहित कृतपुरा, लाढोपुर एवं दानी कुटिया में संचालित रेडियंट पब्लिक स्कूल की विभिन्न शाखाओं में रंगोली एवं दीप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा एक से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोलियां बनाईं और दीपों को खूबसूरती से सजाया।
रंग-बिरंगे रंगों से सजी रंगोलियों और आकर्षक दीप सज्जा ने विद्यालय परिसर को दीपावली के रंग में सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों की मनमोहक कलाकृतियों ने शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक पारस नाथ सिंह ने बच्चों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने बेहद सुंदर रंगोलियां बनाई हैं और दीपों को आकर्षक तरीके से सजाया है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं छिपी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश सिंह एवं उप प्रधानाचार्या श्यामली सिंह ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में कला, संस्कृति और भारतीय परंपराओं के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम 14 वर्षों का वनवास पूरा कर रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर पूरे नगर को रोशन किया था। इसी परंपरा की स्मृति में दीपावली का त्योहार मनाया जाता है।
इसके साथ ही बच्चों को मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना, स्वच्छता, आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने तथा त्योहार को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभाकर मिश्रा, रघुनाथ शर्मा, चंदन सिंह, श्रीराम सिंह, आयुष श्रीवास्तव, मनीष कुमार, कुणाल कुमार, रेखा तिवारी, प्रतीक्षा कुमारी, सौम्या कुमारी, अपराजिता कुमारी, पुष्पा शर्मा, रीता सिंह सहित अन्य शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।




