BlogOthers

पिता के पहुंचने से पहले युवक ने गंगा में लगाई छलांग, वीर कुंवर सिंह सेतु पर मची अफरातफरी

बक्सर/भरौली। बक्सर को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर गोलंबर पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। युवक के गंगा में छलांग लगाने के बाद पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान का 22 वर्षीय पुत्र श्रीकांत पासवान किसी बात को लेकर अपने पिता से नाराज था। बताया जाता है कि श्याम नारायण पासवान भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं। इसी दौरान श्रीकांत ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह गंगा नदी में कूदने जा रहा है।

बेटे की बात सुन बाइक से पुल की ओर भागे पिता

बेटे की बात सुनकर श्याम नारायण पासवान घबरा गए और तत्काल बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर निकल पड़े। उनका उद्देश्य बेटे को समझाकर उसे ऐसा कदम उठाने से रोकना था। बताया गया कि जब पिता पुल पर पहुंचे तो श्रीकांत उनसे करीब 100 मीटर की दूरी पर था।

इसी दौरान रास्ते में श्याम नारायण की बाइक का तेल खत्म हो गया। बाइक छोड़कर वह बेटे की ओर पैदल बढ़ने लगे। बताया जा रहा है कि पिता को अपनी ओर आता देख श्रीकांत ने गंगा नदी में छलांग लगा दी।

पिता को सामने देख गंगा में कूद गया युवक

युवक के नदी में छलांग लगाते ही पुल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना बक्सर गोलंबर पोस्ट पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और युवक की तलाश को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस कर रही युवक की तलाश

गोलंबर पोस्ट प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि गंगा नदी में युवक के कूदने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

घटना के बाद से युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!