
बक्सर, बुधवार: CBSE द्वारा बुधवार को बारहवीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।
विद्यालय की छात्रा अनुप्रिया ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण व्याप्त है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय से कुल 168 विद्यार्थी बारहवीं की परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 98 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इनमें 20 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक तथा 40 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन में पेंटिंग विषय में श्लोक तिवारी, एकता कुमारी, अनुप्रिया विजय सिंह, अनुप्रिया ओझा एवं राखी कुमारी ने शत-प्रतिशत 100 अंक प्राप्त किए। अंग्रेजी में श्रेया सिंह ने 98 अंक, अकाउंटेंसी में अनुप्रिया ओझा ने 97 अंक तथा बिजनेस स्टडीज़ में 98 अंक प्राप्त किए। अर्थशास्त्र में अस्मित ने 98 अंक अर्जित किए। वहीं भौतिकी में सौरभ ने 93, रसायन विज्ञान में युवराज ने 95, जीवविज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा में सौम्या ने 94-94 तथा गणित में 95 अंक के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। सभी ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने बताया कि विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। आगामी 17 मई को आयोजित होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा के लिए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




