BlogOthers

बक्सर के खलासी मोहल्ले में फायरिंग से मची अफरातफरी, मौके से कारतूस का खोखा बरामद

वर्चस्व को लेकर दो गुटों में भिड़ंत, पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर बॉन्ड भरवाने के बाद छोड़ा

बक्सर. शहर के खलासी मोहल्ले में बुधवार की देर रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई. गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया.

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व वार्ड पार्षद हीरामन राम और महेश राम के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. बताया जाता है कि दोनों पक्षों के कुछ लोग शराब के नशे में थे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच झड़प होने लगी. इसी दौरान फायरिंग किए जाने की बात सामने आई.

चार लोगों को हिरासत में लेकर की पूछताछ

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की गई. इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों से बॉन्ड भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया. हालांकि, मोहल्ले में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हो रही है.

किसी पक्ष ने नहीं दिया लिखित आवेदन

घटना के बाद अब तक किसी भी पक्ष की ओर से नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसके बावजूद गोलीबारी की सूचना और घटनास्थल से खोखा मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर चिंता बनी हुई है. लोगों का कहना है कि मोहल्ले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए.

पुलिस अपने स्तर से कर रही जांच

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खलासी मोहल्ले में दो पक्षों के बीच विवाद और फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि किसी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है, फिर भी पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!