
बक्सर. शारदीय नवरात्र के अवसर पर बक्सर शहर के बाइपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में सप्तमी तिथि की पूर्व संध्या पर डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में डांडिया खेलकर नवरात्र उत्सव का आनंद लिया. इस दौरान पूरा परिसर भक्ति, उमंग और उत्साह से सराबोर रहा.
कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की तस्वीर के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई. उपस्थित महिलाओं ने मां दुर्गा के समक्ष मत्था टेककर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की. इसके बाद डांडिया की धुन पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में दर्जनों परिवारों की महिलाओं ने हिस्सा लिया.
डांडिया कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन उषा सिंह, उर्मिला सिंह, कंचन, कुमारी आशा, डिंपल और सुभांति तिवारी ने किया. विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए नाश्ता और जलपान की भी व्यवस्था की गयी थी.

इस अवसर पर बिहार सेंट्रल स्कूल के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि नवरात्र जैसे पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं. इस तरह के आयोजन से आपसी मेल-जोल, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाली सभी महिलाओं और उपस्थित परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया.



