Crime

बक्सर टोटो रिक्शा लूट कांड का खुलासा — 12 में से 9 आरोपी गिरफ्तार, यूपी से बरामद हुआ लूटा गया टोटो और मोबाइल

एसपी शुभम आर्य ने किया खुलासा, अपराधियों ने बेरहमी से पीटकर खेत में फेंका था चालक को

बक्सर:
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव के पास बाजरे के खेत में बेहोशी की हालत में मिले घायल टोटो रिक्शा चालक कांड का राज आखिरकार खुल गया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए बताया कि यह घटना टोटो लूटने की नीयत से अंजाम दी गई थी।

यह घटना 5 अक्टूबर की रात की है। अपराधियों ने चालक को पहले बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके बाद उसे खेत में फेंक दिया गया और उसका टोटो रिक्शा व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
अगली सुबह 6 अक्टूबर को ग्रामीणों ने चालक को अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।

घायल चालक की पहचान संतोष यादव उर्फ गुड्डू, निवासी पलिया खास (बड़का खेत), थाना नरही, जनपद बलिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई — 9 गिरफ्तार, टोटो और मोबाइल बरामद

समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि इस लूट कांड में कुल 12 अपराधी शामिल थे, जिनमें से 9 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार अपराधियों में शामिल हैं —
हिमांशु कुमार उर्फ सोनू गुप्ता (सिंडिकेट, शहर थाना),
नीतीश कुमार (औद्योगिक क्षेत्र गोलंबर),
सलमान खान (सारिमपुर),
राहुल कुमार वर्मा (बड़की सारिमपुर),
मो. रेहान (सोहनीपट्टी, शहर थाना),
भानू पांडेय (रामोपट्टी, सिमरी थाना),
प्रिंस कुमार जायसवाल (निरंजनपुर, औद्योगिक थाना),
चंदन कुमार यादव (मझरिया, औद्योगिक थाना)
और फरहान (सिविल लाइंस)।

यूपी के भरौली से किया था टोटो बुक, रास्ते में दी वारदात को अंजाम

एसपी ने बताया कि अपराधियों ने चालक संतोष यादव से भरौली से बक्सर रेलवे स्टेशन तक भाड़े पर टोटो तय किया था। रास्ते में चौसा रोड स्थित कृतपुरा गांव के पास ले जाकर अपराधियों ने उस पर हमला किया, उसे बेहोश कर खेत में फेंक दिया और टोटो व मोबाइल लेकर फरार हो गए।

बलिया से बरामद हुआ टोटो और मोबाइल, ऑपरेशन सफल

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया टोटो रिक्शा और दो मोबाइल फोन बलिया से बरामद कर जब्त कर लिया है। इसके अलावा अपराधियों के पास से अन्य सात मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें मुफ्फसिल थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत, पुअनि चंदन कुमार और डीआईयू टीम शामिल थी।
टीम ने तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।

एसपी शुभम आर्य बोले — “अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी”

एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। शेष फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!