BlogOthers

बक्सर में सीएम सम्राट चौधरी का दौरा: वामनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना, रामरेखा घाट और लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण

बक्सर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बक्सर दौरे के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्री वामनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने रामरेखा घाट और लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बक्सर स्थित अति प्राचीन श्री वामनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। यह वही स्थान है जिसे वामन अवतार भगवान द्वारा स्थापित शिवलिंग के रूप में जाना जाता है। मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित वामनेश्वर धाम की भूमि के ले-आउट प्लान के माध्यम से विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। यह मंदिर बक्सर केंद्रीय कारा परिसर की बाहरी चहारदीवारी के भीतर स्थित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कारा परिसर में बंदियों द्वारा तैयार हस्तकला एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पौधरोपण भी किया।

डीएम ने भेंट किया चरखा और प्रतीक चिन्ह

बक्सर आगमन पर जिलाधिकारी साहिला ने मुख्यमंत्री को चरखा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामरेखा घाट स्थित बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। यह वही स्थान माना जाता है जहां भगवान श्रीराम द्वारा प्रथम शिवलिंग की स्थापना की गई थी। मंदिर से जुड़े सेवाश्रम न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

रामरेखा घाट विकास कार्यों का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने रामरेखा घाट पर चल रहे एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें घाट के जीर्णोद्धार, पाथ-वे, पेयजल व्यवस्था, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम तथा प्रस्तावित भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापना योजना के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य तथा महर्षि विश्वामित्र मंडपम का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें 5D थिएटर, रेस्टोरेंट, टिकट काउंटर, ड्राई डेक फाउंटेन सहित उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई, जिसे मुख्यमंत्री ने देखा और सराहा। इसी अवसर पर उन्होंने महाराज स्व. कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का भी रिमोट के माध्यम से अनावरण किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक संतोष कुमार निराला, विधायक आनंद मिश्र, विधायक राहुल कुमार सिंह, विधान पार्षद सोनू कुमार राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!