
बक्सर। जिले में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई से डाक विभाग में हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंची सीबीआई की टीम ने बक्सर की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिये गये लोगों से जिला सर्किट हाउस में पूछताछ किये जाने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय लेनदेन से संबंधित एक शिकायत की जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम बक्सर पहुंची थी। टीम ने प्रधान डाकघर में पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई टीम हिरासत में लिये गये तीनों लोगों से शिकायत और वित्तीय लेनदेन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। टीम द्वारा दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, देर शाम तक सीबीआई की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गयी थी।

सीबीआई की कार्रवाई के बाद स्थानीय डाक विभाग में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गयी हैं। फिलहाल जांच जारी है। जांच पूरी होने और सीबीआई की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




