BlogEntertainmentOthers

आंधी-बारिश से शहर में बिजली गुल, जनजीवन अस्त-व्यस्त

करीब 10 जगहों पर गिरे पेड़, तार-पोल क्षतिग्रस्त होने से रातभर बाधित रही बिजली; पानी के लिए भी परेशान रहे लोग

बक्सर। शुक्रवार की देर रात तेज आंधी और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. तेज हवा के कारण शहर में करीब 10 स्थानों पर बड़े पेड़ गिर गये. कई जगह पेड़ बिजली के तार और पोल पर गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी. बिजली कटौती के कारण शुक्रवार की रात से शनिवार देर शाम तक लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली नहीं रहने से कई मोहल्लों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गयी और लोग देर शाम तक परेशान रहे.

शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित एक होटल के समीप पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया. पेड़ की चपेट में आने से बिजली का तार और पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, किला मैदान के समीप, पुराना थाना रोड, जज कॉलोनी और जेल हाता समेत कई इलाकों में 33 हजार वोल्ट के तार पर पेड़ गिरने की सूचना है. इसके कारण शहर के अधिकांश मोहल्लों में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही.

पेड़ हटाने और लाइन दुरुस्त करने में जुटी विभाग की टीम

आंधी-बारिश के बाद बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन को दुरुस्त करने और तारों पर गिरे पेड़ों को हटाने में जुटी रहीं. विभाग के एसडीओ ने बताया कि तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं. टीम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत का काम किया जा रहा है. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी है, जबकि शेष स्थानों पर काम जारी है.

विभाग की ओर से जल्द से जल्द सभी प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!