
बक्सर. पत्रकारों के हित, सुरक्षा और सेवा संबंधी अधिकारों को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बक्सर जिला इकाई का शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी आईएएस साहिला से मिला. जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम मांगपत्र सौंपा. इसमें पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की गयी.
शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा. यूनियन की ओर से सौंपे गये मांगपत्र में देश में नये मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने, वर्किंग जर्नलिस्ट के लिए पूर्व में उपलब्ध कानूनी सुरक्षा उपायों को बहाल करने तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया कर्मियों को शामिल करते हुए नये वेज बोर्ड के गठन की मांग प्रमुख रूप से की गयी.
बदलते मीडिया के स्वरूप के अनुरूप व्यवस्था में बदलाव की मांग

यूनियन ने मांगपत्र में कहा कि पिछले चार दशकों में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदला है. 24 घंटे संचालित होने वाले न्यूज चैनलों, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार से पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ कई चुनौतियां भी सामने आयी हैं. ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा किया जाना जरूरी है.
यूनियन के महासचिव आलोक कुमार एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र और सक्रिय प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है. पत्रकारों को सुरक्षित एवं आर्थिक रूप से मजबूत कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है, ताकि वे बिना दबाव के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रख सकें.
मांगपत्र उचित माध्यम से भेजने का भरोसा
जिलाधिकारी साहिला ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुना. उन्होंने सकारात्मक संदेश देते हुए मांगपत्र को उचित माध्यम से आगे भेजने का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर गुलशन सिंह, मृत्युंजय सिंह, शुभनारायण पाठक, अशोक सिंह, बासुकी पांडे, सोनी समेत यूनियन के अन्य सदस्य एवं पत्रकार मौजूद रहे.



