BlogOthers

रोटरी क्लब बक्सर ने स्लम और दलित बस्तियों में बांटी दीपावली की खुशियां, बच्चों को दिए उपहार और मिठाइयां

बक्सर। दीपावली के पावन अवसर पर रोटरी क्लब बक्सर की ओर से स्लम एवं दलित बस्तियों में उपहार और मिठाइयों का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित, आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के त्योहार को खुशियों से रोशन करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था।

इस दौरान बस्ती के परिवारों एवं बच्चों के बीच विशेष दीपावली किट वितरित की गई। इसमें लावा, मूरी, मिठाई, मोमबत्तियां और पटाखे सहित अन्य सामग्री शामिल थी। क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने स्वयं बस्तियों में पहुंचकर घर-घर उपहार किट बांटे और बच्चों के साथ समय बिताया। इस पहल के माध्यम से समाज में समानता, आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया गया।

रोटरी क्लब बक्सर पिछले कई वर्षों से दीपावली, स्वतंत्रता दिवस एवं अन्य प्रमुख अवसरों पर गरीब, जरूरतमंद और मजदूर वर्ग के बीच पहुंचकर सेवा एवं सामाजिक सहायता के कार्य करता आ रहा है।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब का यह प्रयास समाज में समानता, आपसी भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करना है, ताकि समाज का कोई भी वर्ग त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।

वहीं, क्लब के सचिव मनोज कुमार ने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को उपहार देने के साथ ही बच्चों के त्योहार को खास बनाने के लिए फुलझड़ियां और कम प्रदूषण वाले पटाखे वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखकर क्लब के सदस्यों को भी काफी संतोष मिला।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष कुमार सागर, राजेश केशरी, कृष्णानंद सिंह, अनिल केसरी, शमशाद अली, रवि निर्मल, अनिल जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, सौरभ तिवारी, डॉ. सी.एम. सिंह, अंकुर पोद्दार एवं आकाश गोयल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!