वीर कुंवर सिंह सेतु पर बाइक और कार में आमने-सामने टक्कर

बक्सर। वीर कुंवर सिंह सेतु पर सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे बाइक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक उत्तर प्रदेश की ओर से बाइक पर सवार होकर बक्सर आ रहे थे। इसी दौरान पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। दुर्घटना में कार को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद पुल से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को गोलंबर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गोलंबर पोस्ट प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जारीगांवा गांव के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान मिथुन कुमार (32 वर्ष), पिता विजय बिन, शक्ति कुमार (21 वर्ष), पिता राजू बिन और भोला कुमार (21 वर्ष), पिता खुखनू बिन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि घायलों में मिथुन कुमार की स्थिति गंभीर है, जबकि शक्ति कुमार और भोला कुमार को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।




