बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों का शैक्षणिक परिभ्रमण हर्षोल्लास के साथ हुआ रवाना


बक्सर: बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों का बहुप्रतीक्षित शैक्षणिक परिभ्रमण गुरुवार को विद्यालय परिसर से हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ। कक्षा पांचवीं से लेकर दसवीं तक के कुल 85 छात्र-छात्राएं इस परिभ्रमण में शामिल हुए।
विद्यार्थियों को विद्यालय बस द्वारा देवदरी और राजदरी अभ्यारण्य तथा जलप्रपात के प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता के अध्ययन के लिए भेजा गया। विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में सामाजिक बोध, समूह भावना और नवाचार की क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं।

सचिव ने आगे कहा कि बच्चों को किताबों से परे वास्तविक जीवन ज्ञान प्रदान करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना इस परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य है।
यात्रा को लेकर छात्रों में उत्साह देखा गया। कक्षा 10 की छात्रा रोशनी सिंह ने कहा कि ऐसे भ्रमण सामाजिक ज्ञान और अनुभव बढ़ाने में अत्यंत सहायक होते हैं, वहीं कक्षा 9 की छात्रा शीतल कुमारी ने बताया कि प्रकृति के बीच सीखना हमेशा प्रेरणादायी होता है और इससे आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।

परिभ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को जलप्रपात के भू-आकृतिक स्वरूप, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जाएंगी। विद्यालय प्रबंधन ने यात्रा में सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्था की है, ताकि विद्यार्थियों का सीखने का अनुभव आनंददायक और सुरक्षित रहे।



