शादी समारोह में आई नर्तकी से सामूहिक दुष्कर्म

बक्सर/राजपुर। राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने आई एक 22 वर्षीय नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी शिवपूजन राजभर के घर शुक्रवार की रात बारात आई थी। शादी समारोह में मनोरंजन के लिए वधू पक्ष की ओर से नया भोजपुर क्षेत्र से नर्तकी को बुलाया गया था। देर रात तक कार्यक्रम चलने के बाद जब युवती वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी गांव के कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरन उठा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे गांव से बाहर बधार में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी उसे अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

शनिवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर युवती पर पड़ी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। होश में आने के बाद पीड़िता ने गांव के कुछ युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया।
इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




