सिमरी के नगपुरा में युवा खरवार महासभा की समीक्षा बैठक संपन्न, समाज के अधिकारों और एकजुटता पर जोर

बक्सर। जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत बड़का गांव नगपुरा में शनिवार को युवा खरवार महासभा, बिहार (जिला इकाई बक्सर) के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष नन्दु खरवार ने की, जबकि मंच संचालन डुमराव प्रखंड अध्यक्ष सुनील खरवार ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा खरवार महासभा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के विकास, अधिकार एवं संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने शिक्षा, रोजगार, जाति प्रमाण पत्र, जातीय जनगणना एवं सामाजिक एकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर देते हुए युवाओं से जागरूक बनने और समाज को संगठित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों को सुनिश्चित कर सकता है।

वहीं मुख्य अतिथि राजू खरवार ने समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने हक और अधिकार की लड़ाई के लिए एकजुटता एवं जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एक साथ आगे आने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जाति प्रमाण पत्र बनवाने में सहयोग किया जाएगा तथा जातीय जनगणना कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला सचिव शैलेश खरवार, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष नारायण खरवार, अरविंद खरवार, कमलेश खरवार, विमलेश खरवार, सुनील खरवार, अखिलेश खरवार, राजू खरवार, नीतीश खरवार सहित सैकड़ों की संख्या में खरवार समाज के लोग उपस्थित रहे।




