बक्सर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई नीट यूजी परीक्षा, 33 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

बक्सर। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर रविवार को नीट (यूजी) 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित समय पर परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की दो स्तर पर सघन जांच की गई। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, ब्लूटूथ, पेजर, कैलकुलेटर समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया।
नीट परीक्षा के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने एमवी कॉलेज चरित्रवन बक्सर तथा इटाढ़ी रोड स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, महदह (पुलिस लाइन के समीप) परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर वहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों को लगातार भ्रमणशील रहकर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,366 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 1,333 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 33 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। राहत की बात यह रही कि किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।
प्रशासन के अनुसार बक्सर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।





