सेहरा सजने से पहले उठी इकलौते बेटे की अर्थी, करंट ने पलभर में उजाड़ दी परिवार की खुशियां

बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के श्वेत नगर वार्ड संख्या-7 में बुधवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्की कुमार (25), पिता मदन सिंह के रूप में हुई है। वह दो बहनों के बीच अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टूटे बिजली के तार को जोड़ने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, पेड़ की एक टहनी गिरने से बिजली के पोल से घर तक आने वाला सर्विस तार टूट गया था। बताया जाता है कि लक्की टूटे हुए बिजली के तार को जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के वक्त काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे जमीन पर अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद आनन-फानन में उसे बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

लक्की की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, लक्की को बिजली से संबंधित काम की जानकारी थी और वह बिजली का काम करना जानता था। इसके बावजूद वह किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आया, इसे किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा।
22 नवंबर को तय थी शादी, घर में चल रही थी तैयारी
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बताया जाता है कि लक्की की शादी के लिए आगामी 22 नवंबर की तारीख तय की गई थी। हालांकि, किसी कारणवश घटना से पहले ही इस तारीख को रद्द कर शादी की अगली तिथि निर्धारित करने की तैयारी चल रही थी। घर में शादी को लेकर बातचीत और तैयारियों का माहौल था। परिवार ने बेटे की शादी को लेकर कई सपने संजो रखे थे, लेकिन एक हादसे ने उन सभी सपनों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
बताया गया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। वहीं, सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे लेकर घर चले गए। घटना के बाद श्वेत नगर इलाके में शोक का माहौल है। दो बहनों के इकलौते भाई की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब हर आंख नम है।




