घायल ई-रिक्शा चालक को न्याय व इलाज सहायता की मांग को लेकर बक्सर में विधायक का पुतला दहन


बक्सर शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर शनिवार को सदर विधायक आनंद मिश्र के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। युवा नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओमजी यादव के नेतृत्व में जुटे प्रदर्शनकारियों ने विधायक का पोस्टर जलाकर नाराजगी जताई और सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक दीपक गुप्ता के इलाज के लिए सरकारी सहायता तथा न्याय की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए बताया कि दो दिन पूर्व सिविल लाइन निवासी दीपक गुप्ता एक सरकारी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां परिजन चंदा जुटाकर इलाज का खर्च उठा रहे हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ओमजी यादव ने बताया कि दीपक गुप्ता बेहद गरीब परिवार से आते हैं और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उन पर तीन बहनों की जिम्मेदारी है। हादसे के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है, लेकिन अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा मदद की पहल नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सदर विधायक ने न तो घायल युवक का हालचाल लिया और न ही इलाज में कोई सहयोग किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए और दुर्घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे।
इस मौके पर अजय वर्मा, अरुण यादव, अजय सिंह, दिनेश जसवाल, रमाशंकर कुशवाह, नसीम अंसारी समेत कई लोग उपस्थित रहे।



